अकोढ़ीगोला में बिजली विभाग के जेई को नवादा पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला

फाइल फोटो: अकोढ़ीगोला थाना

रोहतास के अकोढ़ीगोला विद्युत कार्यालय के जेई दीपक कुमार को नवादा पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से गुरुवार की देर रात गिरफ्तार किया है। किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास मामले में जेई की गिरफ्तारी हुई है। जेई की गिरफ्तारी बांक पावर सब स्टेशन के पास से हुई। गिरफ्तारी के बाद नवादा पुलिस जेई को अपने साथ लेकर रवाना हो गई।

नवादा पुलिस के अनुसार गिरफ्तार जेई दीपक कुमार 2022 में नवादा के अकबरपुर क्षेत्र में विद्युत विभाग के पद पर पदस्थापित था। इसी दौरान एक थाने में एसपीओ के पद पर तैनात महिला के घर जाकर जेई ने विद्युत मीटर व तार को नोंचते हुए उसपर प्राथमिकी दर्ज की थी। जबकि बिजली चोरी कांड की जांच में यह पाया गया कि उक्त महिला वैध उपभोक्ता थी और प्रतिमाह विद्युत विपत्र भी जमा करती थी।

दर्ज प्राथमिकी के कुछ दिन बाद उसका पक्ष जानने की नियत से जेई दीपक कुमार उसके घर पहुंचे। उस वक्त महिला कर्मी घर में नहीं थी। इसी का फायदा उठाकर उसकी नाबालिग बेटी के साथ जबरदस्ती करने लगा और दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी के शोर मचाने के बाद लोग जुटे तब वो भाग गया।

नवादा के अकबरपुर थाना में 5 अप्रैल 2022 को कांड संख्या 143 के तहत जेई पर पॉक्सो एक्ट व नाबालिग युवती से दुष्कर्म के असफल प्रयास की प्राथमिकी दर्ज की गई। एसडीपीओ व एसपी ने कांड के अनुसंधान के बाद मामले को सत्य पाया। घटना के कुछ माह बाद नवंबर में जेई का पदस्थापन अकोढ़ीगोला क्षेत्र में हो गया।

अकबरपुर थानाध्यक्ष अजय मौआर के मुताबिक जेई की गिरफ्तारी के लिए उनके नेतृत्व में पुलिस टीम अकोढ़ीगोला पहुंची। मोबाइल सर्विलांस के आधार पर बांक पावर सबस्टेशन के पास से जेई दीपक कुमार की गिरफ्तारी की गई।

rohtasdistrict:
Related Post