सासाराम में हिंसा मामले में दो आरोपियों के घर कुर्की करने पहुंची पुलिस तो डरकर दोनों ने थाने में कर दिया सरेंडर

सासाराम शहर में रामनवमी जुलूस के बाद कुछ दिन पूर्व उपजे तनाव व बिगड़े माहौल के बाद के बाद अब स्थिति पूरी तरह से शांतिपूर्ण है। पुलिस उपद्रव के कारणों व संलिप्त लोगों की पहचान कर लगातार छापेमारी कर उनकी गिरफ्तारी कर रही है। मंगलवार को भी उपद्रव व हिंसा फैलाने के फरार दो आरोपितों के घर कुर्की के लिए पुलिस-प्रशासन के पहुंचने के बाद दोनों आरोपितों ने अलग-अलग थाने में आत्मसमर्पण कर दिया।

एसडीपीओ संतोष कुमार राय ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र के शाहजलाल पीर निवासी जमाल कुरैशी व लश्करीगंज निवासी श्याम किशोर दुबे ने अलग-अलग थानों में आत्मसमर्पण किया है। एसडीपीओ ने बताया कि दोनों हिंसा और उपद्रव फैलाने के आरोपित हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन दोनों फरार चल रहे थे। कोर्ट से कुर्की का आदेश ले पुलिस दोनों आरोपितों के घर कुर्की जब्ती कार्रवाई के लिए पहुंची।

इसके बाद सूचना मिली की जमाल कुरैशी ने रोहतास जिले के शिवसागर थाना एवं श्याम किशोर दुबे ने औरंगाबाद के अंबा थाना में आत्मसमर्पण किया है। दोनों के सरेंडर करने की सूचना के बाद कुर्की की कार्रवाई तत्काल रोक दी गई। बताया कि अबतक लगभग 60 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। बाकी के अन्य उपद्रवियों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। कांड में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस से लेकर दंडाधिकारी स्तर के अधिकारी अभी भी उपद्रव प्रभावित इलाके की निगरानी कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here