गुप्ताधाम महोत्सव में बिखरी लोक संस्कृति की सोंधी खुशबू, उमड़ा रिकॉर्ड जनसैलाब

रोहतास जिले के चेनारी में इस वर्ष आयोजित गुप्ताधाम महोत्सव श्रद्धा, संस्कृति और सांस्कृतिक उत्साह का भव्य संगम बनकर सामने आया। महोत्सव में सासाराम सांसद मनोज राम, चेनारी विधायक मुरारी प्रसाद गौतम, विधान पार्षद निवेदिता सिंह एवं डीडीसी विजय कुमार पाण्डेय शामिल हुए। वहीं स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ दूर-दराज़ से आए लोग और कला-प्रेमी बड़ी संख्या में कार्यक्रम का हिस्सा बने।

महोत्सव में स्थानीय एवं भोजपुरी के ख्यातिप्राप्त कलाकारों की प्रस्तुतियों को देखने-सुनने के लिए हजारों की संख्या में पुरुष एवं महिला दर्शक उपस्थित रहे। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने के लिए कुर्सियों की समुचित एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई थी। वहीं सुरक्षा, यातायात एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाएं भी सुदृढ़ रहीं। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार अरविंद अकेला, अंकुश राज, शिवानी सिंह एवं हर्षप्रीत कौर ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

अरविंद अकेला ने ‘बिहारी है जी’ गीत की प्रस्तुति देकर चेनारी की जनता को बिहारी अस्मिता का गर्वपूर्ण एहसास कराया। स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ बाल कलाकार ऋषभ राज ने भी भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की भरपूर तालियां बटोरीं। विशेष रूप से शिव विवाह की प्रस्तुति ने लोगों का मन मोह लिया और पूरे पंडाल को भक्ति भाव से भर दिया। अपने पसंदीदा कलाकारों की एक झलक पाने के लिए दर्शक पूरे कार्यक्रम के दौरान बेताब नजर आए।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर ‘दिल दिया है, जान भी देंगे ये वतन तेरे लिए’ जैसे देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। मंच संचालन सुप्रसिद्ध उद्घोषक रूपम त्रिवक्रम ने किया। महोत्सव का नेतृत्व एसडीएम सासाराम डॉ. नेहा कुमारी ने किया। पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन रोहतास द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह महोत्सव श्रद्धा, संस्कृति और पर्यटन को एक सूत्र में पिरोने का सशक्त प्रयास साबित हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here