रोहतास जिले के डेहरी स्थित पुलिस लाइन का बुधवार को शाहाबाद रेंज के डीआईजी नवीन चंद्र झा ने वार्षिक निरीक्षण किया. सबसे पहले उन्हें पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. उसके बाद उन्होंने परेड की सलामी ली. उन्होंने परेड का बारीकी से निरीक्षण कर पुलिस कर्मियों का टर्नआउट चेक किया.
परेड के निरीक्षण के दौरान डीआईजी मंच से नीचे आए और प्लाटून पांच से नजदीकी निरीक्षण किया. परेड में खामियां देख डीआईजी सख्त भी हुए और पूछा कि मंगलवार और शुक्रवार को नियमित रूप से परेड हो रहे हैं या नहीं. उन्होंने मौके पर सभी कर्मचारियों को बावर्दी दुरुस्त रहकर अपनी ड्यूटी कर्तव्य निष्ठा के साथ करने और जनता से मधुर व्यवहार स्थापित करने के लिए निर्देशित किया.
इसके बाद डीआईजी ने एसपी कार्यालय, पुलिस लाइन और विभिन्न शाखाओं, सेल आदि का निरीक्षण किया. साथ ही वहां तैनात कर्मचारियों से उनके कार्यों के बारे में जानकारी लेते हुए अभिलेखों को दुरुस्त रखने को कहा गया. मौके पर एसपी विनीत कुमार, डेहरी एसडीपीओ विनीता कुमारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे.





